प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत 1739 दिव्यांगजनों को 3.58 करोड़ रुपये के सहायक उपकरण वितरित, मुख्यमंत्री ने स्टेडियम जीर्णोद्धार के लिए 7 करोड़ की घोषणा
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर 3/08/26
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसी भी संवेदनशील और विकसित समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक अपना योगदान दे सकें।

राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 1739 दिव्यांगजनों को कुल 3.58 करोड़ रुपये मूल्य के सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “दिव्यांग” शब्द देकर सम्मान और आत्मगौरव का नया भाव दिया है, जिससे समाज की सोच में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में विशेष अभियान चलाकर 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई। इस पहल के लिए भारत सरकार से 3.58 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई। पहले चरण में 500 से 600 हितग्राहियों को उपकरण वितरित किए जा चुके हैं, जबकि इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट ‘सरल’ और ‘गोल्डन आवर’ का शुभारंभ किया तथा “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट धड़कन, दधीचि, वंदन, सुरक्षा, रेडक्रॉस, जिंदगी मुस्कुराएगी और निःक्षय मित्र जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं उनकी टीम को बधाई दी।
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाएंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह पहल आत्मसम्मान और सामाजिक समावेशन का अभियान है तथा कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों से संवाद किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, प्रमुख सचिव शहला निगार, संभागायुक्त श्याम धावड़े, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



