CHHATTISGARHraipur

टिकरापारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो युवक अवैध हथियार सहित गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

📡36garhnewsupdate.com

 

संतोषी नगर और गोकुल नगर क्षेत्र में लोगों को चाकू दिखाकर धमका रहे थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

रायपुर, 3 अगस्त 2026।

रायपुर के टिकरापारा थाना पुलिस ने अवैध हथियार लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार लोहे के चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोषी नगर से भाठागांव जाने वाले मार्ग तथा गोकुल नगर काठाडीह क्षेत्र में दो युवक अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर तत्काल मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम यादव (19 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, भाठागांव तथा मोहम्मद अनस हुसैन (22 वर्ष), निवासी गोकुल नगर, चिश्तिया कॉलोनी, टिकरापारा के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 700/2026 एवं 701/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में चाकूबाजी और अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना क्षेत्रों में लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

इस कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest