रायपुर ग्रामीण पुलिस का विशेष सत्यापन अभियान, 600 से अधिक किरायेदारों की जांच
📡36garhnewsupdate.com

सिलतरा क्षेत्र में अवैध प्रवासी एवं बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, 6 संदेहियों से पूछताछ; बिना पुलिस सत्यापन किरायेदार न रखने की अपील
रायपुर, 03 अगस्त 2026
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना सिलतरा क्षेत्र में अवैध प्रवासी एवं किरायेदार सत्यापन का विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 600 से अधिक किरायेदारों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा 6 संदेही व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ कर उनके दस्तावेजों की जांच की गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं नोडल अधिकारी एसटीएफ अभिषेक झा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (माना) लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में अवैध प्रवासियों एवं अन्य राज्यों से आकर निवास और कार्य कर रहे व्यक्तियों का सत्यापन किया। औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले श्रमिकों और किरायेदारों के पहचान संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण कर आवश्यक जानकारी भी संकलित की गई।

विशेष अभियान के तहत सांकरा स्थित जे.के. वीडियो हॉल परिसर में लगभग 600 किरायेदारों के दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान मकान मालिकों एवं प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर आवास उपलब्ध न कराएं तथा बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराएं।
जांच के दौरान 6 संदेही व्यक्तियों की विशेष तस्दीक की गई। पुलिस ने उनके संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्र की है तथा वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप आगे की जांच जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध प्रवासियों एवं किरायेदारों का सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल रायपुर ग्रामीण पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें, ताकि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपने यहां निवासरत सभी किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध प्रवासी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



