रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने शासकीय हाई स्कूल कुशालपुर में छात्राओं को सरस्वती योजना अंतर्गत साइकिलें वितरित कीं
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 3 अगस्त।
रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील सोनी ने सोमवार को शासकीय हाई स्कूल कुशालपुर का दौरा कर सरस्वती योजना के तहत छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर अध्ययन करने और उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर परिवार, नगर तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शासन की सरस्वती योजना के अंतर्गत साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी शिक्षा निरंतर जारी रखने में सहायता मिलेगी। उन्होंने छात्राओं से इस अवसर का लाभ उठाकर बेहतर प्रदर्शन करने का आग्रह किया।
विधायक ने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें जिम्मेदार एवं श्रेष्ठ नागरिक बनाने की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में साइकिलों का वितरण किया गया तथा सभी ने शिक्षा के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।


