CHHATTISGARHnewsraipur

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत दिलाई गई शपथ

☕36garhnewsupdate.com

कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने युवाओं से अनुशासन, आत्मसंयम और सकारात्मक सोच अपनाने का किया आह्वान, विश्वविद्यालय को घोषित किया नशा मुक्त परिसर

रायपुर, 2 अगस्त 2026

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के अंतर्गत नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने युवाओं से जीवन में अनुशासन, आत्मसंयम और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रसिद्ध पंक्ति “जब नाश मनुष्य पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है” का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के विवेक, परिवार और भविष्य तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का भी संयमित एवं सार्थक उपयोग करने की अपील की तथा विश्वविद्यालय परिसर को पूर्णतः नशा मुक्त कैंपस बनाने की घोषणा की।

कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जीवन में किसी भी निर्णय या निवेश से पहले उसके आर्थिक और सामाजिक प्रभावों का मूल्यांकन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर क्षणिक आकर्षण से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह गंभीर लत का रूप ले लेती है, जिससे व्यक्ति और समाज दोनों प्रभावित होते हैं।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष पंकज नयन पांडेय, डॉ. नृपेन्द्र शर्मा, डॉ. राजेन्द्र मोहंती सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ ली।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन डॉ. शैलेन्द्र खंडेलवाल ने किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest