कुलगाम आतंकी हमले में मृत श्रमिकों के परिजनों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है राज्य सरकार : गुरु खुशवंत साहेब
📡36garhnewsupdate.com

सक्ती/रायपुर, 1 अगस्त 2026
जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली निवासी प्रवासी श्रमिक दीपक रात्रे (21 वर्ष) तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैंना के निधन पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

प्रभारी मंत्री ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला मानवता के विरुद्ध अपराध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार इस कठिन समय में दोनों परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है, जिससे प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा एवं स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए दोनों दिवंगतों का अंतिम संस्कार जम्मू-कश्मीर में ही परिजनों की उपस्थिति में संपन्न कराया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी दीपक रात्रे लगभग एक वर्ष पूर्व अपने परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर के एक ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी एवं भाई भी वहीं कार्यरत थे। दीपक अपने पीछे पत्नी, एक मासूम बच्चे तथा अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से पूरे छत्तीसगढ़ में शोक का माहौल है।
प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिवंगत दीपक रात्रे एवं भूपेंद्र भैंना को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।



