CHHATTISGARHnewsraipurजशपुर

दिवंगत आरक्षक के पुत्र को मिली अनुकम्पा नियुक्ति, एसएसपी ने घर पहुंचकर सौंपा नियुक्ति पत्र

📡36garhnewsupdate.com

जशपुर, 23 सितंबर 2026

जशपुर पुलिस ने दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बुधवार को दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के अवसर पर उनके गृह ग्राम पहुंचकर पुत्र को नियुक्ति पत्र सौंपा।

आरक्षक देव नारायण सिंह स्वास्थ्य खराब होने के बाद उपचार के लिए रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती थे, जहां 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया था। वे वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर तथा एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और जशपुर में सेवाएं दी थीं।

दिवंगत आरक्षक के निधन के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने परिवार की स्थिति को देखते हुए अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया।

बुधवार को वे स्वयं शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

 

डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पुलिस परिवार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर यथासंभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest