CHHATTISGARHnewsraipur

ई-रिक्शा में लूट का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त

 

रायपुर, 1 अगस्त 2026

थाना तेलीबांधा पुलिस ने ई-रिक्शा में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना तेलीबांधा में दर्ज अपराध क्रमांक 304/2026 की विवेचना में मुख्य आरोपी नवीन दास माणिकपुरी (35 वर्ष) को 31 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया।

प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जुलाई 2026 की रात लगभग 11 बजे ई-रिक्शा में सफर के दौरान चालक और उसके साथी ने मारपीट कर उसका रेडमी मोबाइल, ईयरफोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, 750 रुपये नकद तथा चांदी की अंगूठी लूट ली थी।

विवेचना के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार पूछताछ की गई। उसके कथन के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG-04 PA-3983 को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को सक्षम किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जबकि मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest