स्थायी वारंट की तामिली के दौरान वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा बरामद
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 1 अगस्त 2026
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान थाना खम्हारडीह पुलिस ने स्थायी वारंट की तामिली करते हुए एक वाहन चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 40 हजार रुपये मूल्य की चोरी की एक्टिवा बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर शनिवार तड़के उत्तर क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में थाना प्रभारी खम्हारडीह के नेतृत्व में पुलिस टीम कचना क्षेत्र में स्थायी वारंटी दीपक छुरा की तलाश और वारंट की तामिली कर रही थी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे में एक एक्टिवा वाहन मिला। पुलिस द्वारा वाहन के दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह होने पर वाहन का सत्यापन किया गया। जांच एवं सीसीटीवी फुटेज के मिलान में वाहन चोरी का पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने एक्टिवा क्रमांक CG 04 QH 9181 को थाना खम्हारडीह क्षेत्र स्थित कचना बिजली ऑफिस के पास पावर जोन जिम की पार्किंग से चोरी किया था। इस संबंध में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 250/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में पहले से मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी दीपक छुरा (32 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 40,000 रुपये मूल्य की चोरी की एक्टिवा जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



