31 दिसंबर तक जल जीवन मिशन की सभी योजनाएं पूरी करनें के निर्देश, ग्रामवार तय होगी समय-सीमा
📡 36garhnewsupdate.com...

📡 सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन नें की समीक्षा, शेष 187 योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर जोर…
रायपुर, 31 जुलाई 2026। रायपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत शेष बची पेयजल योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने शुक्रवार को कलेक्टर सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ बिश्वरंजन नें स्पष्ट निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन की सभी लंबित योजनाओं को 31 दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए, उन्होंने प्रत्येक शेष ग्राम के लिए ग्रामवार समय-सीमा निर्धारित करनें तथा उसी के अनुरूप कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करनें को कहा।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के कार्यपालन अभियंता नें जानकारी दी कि रायपुर जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुल 521 नल जल योजनाएं स्वीकृत हुई थीं, इनमें से 334 योजनाएं पूर्ण कर संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं, जबकि 187 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
सीईओ बिश्वरंजन नें अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष 187 योजनाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, और प्रत्येक योजना को तय समय के भीतर पूरा कर ग्रामीणों तक हर घर नल से जल उपलब्ध करानें के लक्ष्य को हर हाल में हासिल किया जाए।

बैठक में जल जीवन मिशन से जुड़े संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




