CHHATTISGARHnewsraipur

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह नें की योजनाओं की समीक्षा, बाढ़ संभावित क्षेत्रों के अधिकारियों को अलर्ट रहनें के निर्देश

📡 36garhnewsupdate.com...

📡 जन शिकायतों के त्वरित निराकरण, पीएम किसान, स्वामित्व योजना और एग्रीस्टेक की प्रगति पर दिए आवश्यक निर्देश…

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह नें शुक्रवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा फॉलोअप बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जन शिकायतों तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा आमजन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अंतर-विभागीय प्रोजेक्ट समन्वय के तहत विभिन्न विभागों द्वारा नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी करने में हो रही देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनें के निर्देश दिए।

कलेक्टर नें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत खातों में सुधार की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों को समय पर लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत सभी गांवों में ड्रोन सर्वे एवं हितग्राहियों से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया। किसानों की बकेटिंग प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा पीजीएन पोर्टल एवं सेवा सेतु पर प्राप्त आवेदनों का तत्काल निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए।

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने महानदी से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों के सभी तहसीलदारों एवं राजस्व अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील गांवों में समय-समय पर मुनादी कर लोगों को जागरूक किया जाए तथा शेल्टर होम, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित न हों।

बैठक में एग्रीस्टेक परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest