CHHATTISGARHमुंगेली

पथरिया में एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण, डिप्टी सीएम अरुण साव ने विकास कार्यों के लिए 3.16 करोड़ की घोषणा

📡36garhnewsupdate.com

 

पथरिया, मुंगेली। 25/07/2026

उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुंगेली जिले के पथरिया नगर पंचायत में आयोजित मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त एल्डरमैन को बधाई देते हुए नगर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार अब तक पथरिया नगर पंचायत के विकास के लिए 11 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करा चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त एल्डरमैन जन अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए नगरहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सरकार केवल विकास कार्यों का भूमिपूजन ही नहीं करती, बल्कि उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है। वहीं विधायक धरमलाल कौशिक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान सड़क निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि कई सिंगल लेन सड़कों को डबल लेन में बदला जा रहा है और प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।

 

3.16 करोड़ रुपए की विकास घोषणाएं

समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पंचायत के लिए कुल 3.16 करोड़ रुपए की घोषणाएं कीं। इनमें—

मांगलिक भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए,

मुक्तिधाम निर्माण के लिए 86 लाख रुपए, तथा

नगर पंचायत के सभा कक्ष निर्माण के लिए 30 लाख रुपए शामिल हैं।

तीन एल्डरमैन ने ली शपथ

पथरिया नगर पंचायत में मनोनीत एल्डरमैन के रूप में नरेंद्र गुप्ता, गंगाराम साहू और उमेश यादव ने शपथ ग्रहण की। तीनों ने नगर के विकास और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, नगर पंचायत अध्यक्ष हुलसी रघु वैष्णव, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत सदस्य अंबालिका साहू, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest