CHHATTISGARHरायपुर

“मनखे-मनखे एक समान” के संदेश के साथ रायपुर में सामाजिक समरसता का भव्य आयोजन संपन्न



36garhnewsupdate.comरायपुर। परम् पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के मानवता, समानता और सद्भाव के संदेश “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा, सामाजिक समरसता अभियान एवं सम्मान समारोह का आयोजन राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम राजागुरु एवं धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के सानिध्य में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर 18 फरवरी से 22 फरवरी तक रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक आयोजित विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा में शामिल पदयात्रियों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं, आयोजन समिति के सदस्यों एवं सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने वाले पत्रकार साथियों का सम्मान किया गया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब ने कहा कि समाज में एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश सत्य, समानता और मानवता का संदेश है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास और सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति होता है।

वहीं सतधारी गुरु गुरु सोमेश बाबा ने कहा कि सतनाम सद्भाव पदयात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और मानवता का महाअभियान है। बाबा गुरु घासीदास जी के बताए सत्य, अहिंसा और समानता के मार्ग पर चलकर ही समतामूलक समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा और जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश आज भी समाज को एकता और मानवता की भावना से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

सम्मान समारोह में आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सेवाभावी स्टाफ, सहयोगी साथियों एवं कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने दिन-रात सेवा भाव से कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पत्रकार सम्मान के दौरान वक्ताओं ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकार समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता और सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका सराहनीय रही है।

कार्यक्रम में रोहित साहू, अंजय शुक्ला, प्रमोद शर्मा, श्याम नारंग, नवीन अग्रवाल, आनंद मीरी सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकार बंधु, अखिल भारतीय सतनाम सेना के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest