मुंगेली पुलिस को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अपराध जांच होगी और तेज
36garhnewsupdate.com

रायपुर/मुंगेली। 24 मई 2026। केंद्रीय गृह मंत्रालय की पहल पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई जा रही है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले को करीब 65 लाख रुपये लागत की आधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक वैन मिली है।
मुंगेली कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कलेक्टर जनदर्शन सभाकक्ष में इस वैन के तकनीकी उपयोग और अपराध जांच में इसकी भूमिका को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव नवा रायपुर मंत्रालय से वर्चुअली शामिल हुए और हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक वैन को रवाना किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह आधुनिक फॉरेंसिक वैन अपराध जांच और कानून व्यवस्था को नई मजबूती देगी। घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच की सुविधा मिलने से साक्ष्य संकलन तेज और प्रभावी होगा।
बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन आपराधिक मामलों के त्वरित और वैज्ञानिक निराकरण में अहम भूमिका निभाएगी।
मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में यह वैन काफी मददगार साबित होगी।
कार्यशाला में फॉरेंसिक एक्सपर्ट ज्योत्सना लकड़ा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को वैन में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य संकलन, सुरक्षित रखने और प्राथमिक फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डीएसपी हरविंदर सिंह, बार काउंसिल अध्यक्ष राजमन सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता रविंदर सिंह छाबड़ा सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


