नोनी सशक्तिकरण योजना बनी कंचनलता के सपनों की उड़ान
आर्थिक सहायता से एलएलबी की पढ़ाई को मिला नया संबल

36garhnewsupdate.comबिलासपुर, 17 मई 2026।
राज्य शासन की नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना बेटियों के लिए शिक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनती जा रही है। इसी क्रम में बिलासपुर की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी कंचनलता को उच्च शिक्षा के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे उनकी एलएलबी की पढ़ाई को नया सहारा मिला है।
सरकंडा निवासी कंचनलता श्रमिक परिवार से संबंध रखती हैं। परिवार की सीमित आय के कारण कानून की पढ़ाई जारी रखना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो गया था। आर्थिक तंगी के चलते कई बार पढ़ाई बीच में छोड़ने जैसी स्थिति भी बनी, लेकिन शासन की योजना ने उनके सपनों को नई उड़ान दे दी।
सुशासन तिहार के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 19 में आयोजित समाधान शिविर में उन्हें नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना का लाभ मिला। प्राप्त राशि से अब वे अपनी कॉलेज फीस जमा कर सकेंगी और बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख पाएंगी।
कंचनलता ने बताया कि उनका सपना वकालत की पढ़ाई पूरी कर जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने का है। उन्होंने कहा कि शासन की इस पहल से उन्हें नया आत्मविश्वास मिला है और अब वे पूरी लगन एवं मेहनत से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेंगी।
उन्होंने Vishnu Deo Sai के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं बेटियों को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि श्रम विभाग द्वारा संचालित नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना प्रदेश की अनेक बेटियों के लिए उच्च शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नई उम्मीद बनकर उभर रही है।


