CHHATTISGARHरायपुर

महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने किया बिलासपुर–रायपुर रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण

 

 

36gadrnewsupdet रायपुर, 09 मई 2026।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने आज रायपुर मंडल के बिलासपुर–रायपुर रेलखंड का एक दिवसीय संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, परिचालन व्यवस्था, कार्यप्रणाली, स्टेशन रि-डेवलपमेंट कार्यों तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों सहित यात्री सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण की शुरुआत दाधापारा स्टेशन से हुई। इसके पश्चात महाप्रबंधक ने बिल्हा स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे रि-डेवलपमेंट कार्यों एवं चौथी रेल लाइन निर्माण कार्य का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं संरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

दाधापारा से भाटापारा के मध्य स्थित प्रमुख संरचनाओं, विशेषकर दगोरी–निपनिया खंड में शिवनाथ ब्रिज (मेजर ब्रिज) पर मिडिल लाइन का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक मेंटेनेंस गैंग के कर्मचारियों से प्रत्यक्ष संवाद कर कार्यों में आने वाली चुनौतियों, संसाधनों की उपलब्धता तथा संरक्षा मानकों के पालन की जानकारी ली। उन्होंने ट्रैक अनुरक्षण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

निपनिया स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, माइनर यार्ड एवं स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इसी क्रम में निपनिया–भाटापारा के बीच इंजीनियरिंग लेवल क्रॉसिंग गेट एवं ऑटो हट का भी निरीक्षण किया गया।

भाटापारा रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने मेजर स्टेशन, यार्ड, आर.आर.आई., रनिंग रूम, लॉबी, गुड्स शेड, आरपीएफ पोस्ट, रेलवे कॉलोनी, स्टोर, डिस्पेंसरी एवं कैरिज एंड वैगन पॉइंट का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर नवनिर्मित स्टाफ क्वार्टर टाइप-II ब्लॉक का शुभारंभ भी किया गया। उन्होंने रेलवे कॉलोनी में रह रहे कर्मचारियों से संवाद कर उनकी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की तथा रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। रनिंग रूम की स्वच्छता, विश्राम व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से परीक्षण किया गया।

भाटापारा–हथबंद खंड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों तथा हथबंद एवं तिल्दा स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण कर सुरक्षा एवं गुणवत्ता संबंधी पहलुओं पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान बिल्हा, भाटापारा एवं रायपुर स्टेशनों पर माननीय जनप्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से भेंट की तथा रायपुर शहर की रेलवे कनेक्टिविटी एवं विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इनमें बिल्हा क्षेत्र से माननीय विधायक श्री धरमलाल कौशिक, भाटापारा से माननीय विधायक श्री इंद्र कुमार साव तथा रायपुर में माननीय सांसद (राज्यसभा) श्रीमती लक्ष्मी वर्मा एवं माननीय विधायक श्री राजेश मूणत शामिल रहे।

महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान रेल कर्मचारियों के प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, डीआरयूसीसी/जेडआरयूसीसी सदस्यों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। चर्चा के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों, ट्रेनों की समयबद्धता, नई रेल सेवाओं, ठहराव एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

इस संरक्षा निरीक्षण के माध्यम से संबंधित रेलखंड की संरचनात्मक गुणवत्ता, परिचालन सुरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया गया, जिससे भविष्य की योजनाओं एवं सुधारात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest