नगर पालिका बनेगा धमधा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की घोषणा

36gadrnewsupdetcom.रायपुर, 6 मई 2026। दुर्ग जिले के धमधा नगर पंचायत में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने धमधा को नगर पालिका में उन्नयन करने की बड़ी घोषणा की। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरी होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। नगर पालिका बनने के बाद शहर में विकास कार्यों को और गति मिलने के साथ ही जनसुविधाओं का विस्तार भी तेजी से होगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने दौरे के दौरान करीब 7 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 4 करोड़ 60 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 39 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही उन्होंने शहर के समग्र विकास के लिए 2 करोड़ रुपए अतिरिक्त देने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में धमधा नगर पंचायत के विकास के लिए 13 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है और प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, ईश्वर साहू, ललित चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद और नागरिक शामिल हुए।


