आपसी विवाद ने लिया हत्या का रूप, दुर्ग पुलिस ने 3 घंटे में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

36gadrnewsupdetदुर्ग। थाना अण्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाड़ा में आपसी विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। इस मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार दो आरोपियों को महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 की रात्रि करीब 10 बजे स्कूल पारा, ग्राम खाड़ा में मृतक शम्भू निषाद उर्फ देवचरण (45 वर्ष), जो लंबे समय से गुजरात में निवासरत था, अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान उसका संतोष कुमार यादव और रोहित कुमार यादव के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मृतक के साथ हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। परिजनों द्वारा उसे तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां 13 अप्रैल को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना अण्डा में अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
दुर्ग पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की और घेराबंदी करते हुए आरोपी संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से तथा रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट है। मामले में किसी प्रकार का हथियार उपयोग नहीं किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से समाधान करें। साथ ही किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।


