बेलाकछार जंगल में दो युवकों की संदिग्ध मौत, पेड़ पर लटके मिले शव से मचा हड़कंप

विवेक श्रीवास/ ब्यूरो चीफ कोरबा
36गढ़ न्यूज अपडेट,,,कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल में उस समय सनसनी फैल गई, जब दो युवकों के शव पेड़ पर लटके हुए पाए गए। मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (पिता– राजेंद्र कंवर) और अमित माथुर (पिता– दीपक माथुर) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीण जंगल की ओर गए थे, जहां उन्होंने दोनों शवों को पेड़ पर लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामला संदिग्ध माना जा रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास के ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों से पूछताछ जारी है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
इस घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।


