*विधायक चातुरी नंद ने छुईपाली में जिला सहकारी बैंक की नवीन शाखा खोलने, सरायपाली में नालंदा लाइब्रेरी, अंतरराज्यीय बस स्टैंड सहित जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगाई विधानसभा में याचिकाएं*

सरायपाली, 20 मार्च 2026 : सरायपाली विधानसभा क्षेत्र की विधायक चातुरी नंद ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण याचिकाएं प्रस्तुत कीं। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की बुनियादी आवश्यकताओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग एवं परिवहन सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा।
विधायक चातुरी नंद ने ग्राम छुईपाली में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है, जिससे समय एवं संसाधनों की हानि होती है। बैंक शाखा खुलने से किसानों को ऋण, बचत एवं अन्य वित्तीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक चातुरी नंद ने सरायपाली नगर में नालंदा लाइब्रेरी निर्माण की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि सरायपाली क्षेत्र जिला मुख्यालय से लगभग 130 किमी एवं राजधानी से 160 किमी से अधिक दूरी पर स्थित है, जहां अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों की बड़ी संख्या निवास करती है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को समुचित अध्ययन संसाधनों के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
इसके साथ ही उन्होंने सरायपाली में अंतर्राज्यीय बस स्टैंड निर्माण की भी मांग की। सरायपाली उड़ीसा राज्य की सीमा से लगा हुआ एक प्रमुख आवागमन केंद्र है, जहां से सारंगढ़, रायगढ़, जशपुर सहित उड़ीसा एवं झारखंड के कई शहरों के लिए बसों का संचालन होता है। वर्तमान में व्यवस्थित बस स्टैंड के अभाव में यात्रियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में इसके लिए बजट में राशि का प्रावधान किया गया था, किंतु अब तक प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
इसी प्रकार उन्होंने ग्राम पझरापाली में हाई स्कूल भवन निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान में छात्रों को उच्च कक्षाओं की पढ़ाई के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे विशेषकर ग्रामीण एवं गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। हाई स्कूल भवन बनने से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुदृढ़ होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विधायक ने ग्राम सेमलिया में उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय पर उपचार नहीं मिल पाता। उप स्वास्थ्य केन्द्र बनने से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी।
विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने इन सभी याचिकाओं के माध्यम से राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए मांग की कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके और सरायपाली विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
विदित हो कि विधानसभा के बजट सत्र में सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने मुखरता के साथ क्षेत्र की समस्याओं को उठाया था। विधायक चातुरी नंद के सवालों और विधानसभा की परफॉर्मेंस की तारीफ सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी प्रश्नकाल के दौरान की थी।
