कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया पुरस्कृत
📡36garhnewsupdate.com


खेल से स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मविश्वास का होता है विकास : अरुण साव
चांपा। 21/9/2026
सरस्वती शिशु मंदिर चांपा में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में चार प्रांतों से कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के 300 से अधिक भैया-बहनों ने विभिन्न वर्गों में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विद्या भारती विद्यार्थियों के मानसिक और शारीरिक विकास के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि खेल का मैदान बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर देता है। खेल के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश और दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं।

खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास और संघर्ष करने का जज्बा
अरुण साव ने कहा कि खेल से अच्छे स्वास्थ्य के साथ जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। खेल व्यक्ति में हर परिस्थिति का सामना करने और संघर्ष करने की क्षमता को मजबूत करता है। नियमित रूप से खेल के मैदान में समय बिताने से शरीर स्वस्थ और मन प्रसन्न रहता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से खेल के लिए नियमित समय निकालने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए मेहनत और समर्पण जरूरी है और जीवन में प्रयास करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए।

विकसित भारत के निर्माण में खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका
उप मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। भारत को खेल के क्षेत्र में भी दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार इसी संकल्प के अनुरूप कार्य कर रही है और छत्तीसगढ़ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण सहभागी बनेगा।

समापन समारोह में विद्या भारती मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर, भारतीय कुष्ठ निवारक संघ के सचिव सुधीर देव, सांसद कमलेश जांगड़े, विद्या भारती प्रांत प्रमुख दीपक सोनी, प्रांतीय खेलकूद संयोजक डॉ. शांतिकुमार सोनी, प्राचार्य अश्वनी कुमार कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, आचार्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



