पुरानी बस्ती में सूने मकान की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और नगदी समेत करीब 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद
रायपुर, 16 सितंबर 2026
रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सूने मकान का शटर गेट काटकर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, नगदी और घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन सहित करीब 3.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी पुरानी बस्ती निवासी प्रार्थी 27 अगस्त को अपने घर में ताला लगाकर बाहर गया था। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली महिला ने शटर गेट कटा होने और घर का सामान बिखरा होने की सूचना दी। इसके बाद 1 सितंबर को घर लौटकर जांच करने पर अलमारी में रखे चांदी के सामान एवं जेवरात, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, सैमसंग मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चोरी होना पाया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 457/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रार्थी, घर में काम करने वाली महिला और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया।
पुलिस ने चोरी और नकबजनी के पुराने मामलों में संलिप्त आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी। इसी दौरान थाना पुरानी बस्ती के निगरानी बदमाश भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी के घटना स्थल के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने भूपेन्द्र उर्फ गजनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद करण ताण्डी को भी गिरफ्तार किया गया।
चोरी का सामान और बुलेट वाहन बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के विभिन्न जेवरात, चांदी के सिक्के, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन बरामद किया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, आरोपी भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश है। उसके विरुद्ध पुरानी बस्ती थाने में नकबजनी और चोरी के चार पूर्व प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वह जेल जा चुका है।
वहीं आरोपी करण ताण्डी भी नकबजनी और चोरी के दो पूर्व मामलों में थाना पुरानी बस्ती से जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
1. भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी, पिता स्व. रोहित पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी दंतेश्वरी चौक, गोपियापारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।
2. करण ताण्डी, पिता राजेश ताण्डी, उम्र 24 वर्ष, निवासी दंतेश्वरी मंदिर के पीछे, डबरीपारा, कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।



