17 सितंबर को 10 लाख दीयों से जगमगाएगा बिलासपुर, शाम 7 बजे एक साथ होगा दीप प्रज्वलन
📡36garhnewsupdate.com


पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में जलेंगे 1.25 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’
बिलासपुर, 16 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में लगभग 10 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड, बिलासपुर में शाम 7 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यहां करीब 1 लाख 25 हजार आशीर्वाद के दीये एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन
अभियान के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से रोशन किया जाएगा। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इसके अलावा जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की भी व्यवस्था की गई है।
44 ग्राम पंचायतों में हर घर जलेगा दीप
जनपद पंचायत बिल्हा के बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी में प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
जनपद पंचायत कोटा के नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने में भी शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाए जाएंगे।
इसी तरह विकासखंड मस्तुरी के दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर तथा जनपद पंचायत तखतपुर के लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव में भी प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
शासकीय भवनों और योजनाओं के हितग्राहियों के घर भी होंगे रोशन
17 सितंबर की शाम 7 बजे जिले के शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
कार्यक्रम में महिला स्वसहायता समूहों की दीदियां भी विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन में सहयोग करेंगी। वहीं जल जन सेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इस तरह 17 सितंबर की शाम बिलासपुर जिले में एक साथ लाखों दीपों की रोशनी के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।



