CHHATTISGARHnewsraipur

रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, लेआउट के बाहर बने करीब 40 अवैध निर्माण हटाए

📡36garhnewsupdate.com

बिल्डरों ने आगे अवैध निर्माण नहीं कराने की बात कही, जलभराव और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के बाद कार्रवाई

रायपुर, 16 सितंबर 2026

नगर पालिक निगम रायपुर ने जोन-6 क्षेत्र की रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में लेआउट के बाहर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। निगम की टीम ने मौके पर करीब 40 अवैध निर्माणों को हटाया।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस प्रशासन का बल मौजूद रहा।

नगर निगम के अनुसार, रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में कुछ बिल्डरों द्वारा स्वीकृत लेआउट के बाहर बिना अनुमति निर्माण कराए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद संबंधित लोगों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए। नोटिस की प्रक्रिया के बाद निगम की टीम ने अभियान चलाकर मौके पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की।

जनशिकायतों के बाद जांच और कार्रवाई

जोन-6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव ने बताया कि क्षेत्र में पूर्व में जलभराव, बिजली, पानी और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जनशिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में लेआउट के बाहर किए गए निर्माणों की जानकारी जुटाई गई और नियमानुसार कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान संबंधित बिल्डरों ने नगर निगम को आगे लेआउट के बाहर निर्माण नहीं कराने की बात कही है। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।

नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि स्वीकृत लेआउट और निर्माण नियमों का उल्लंघन करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest