स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में कलेक्टर के सख्त निर्देश, मातृ स्वास्थ्य से टीकाकरण तक लक्ष्य पूरा करने पर जोर
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 07 सितंबर 2026
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने और सभी प्रमुख कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान आगामी सप्ताह तक गर्भवती महिलाओं का पंजीयन 90 प्रतिशत, प्रथम तिमाही में पंजीयन 95 प्रतिशत तथा संस्थागत प्रसव शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण में कोई बच्चा न छूटे
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही NRC में 100 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी तथा धरसींवा NRC को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए।

एनसीडी और कैंसर स्क्रीनिंग पर विशेष जोर
एनसीडी कार्यक्रम के तहत उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह के मामलों में लक्ष्य के विरुद्ध 90 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए गए। वहीं ओरल, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग में 75 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने एनीमिया मुक्त भारत अभियान के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश भी दिए।

RBSK, टीबी और डेंगू नियंत्रण की भी हुई समीक्षा
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत भ्रमण और स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने तथा ‘A’ कैटेगरी के सभी चिन्हित बच्चों का उपचार कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने टीबी नोटिफिकेशन एवं निक्षय मित्र कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने तथा डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा।
बैठक में आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



