CHHATTISGARHnewsraipur

एयरपोर्ट की 10 किमी परिधि में कचरा डंपिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 07 सितंबर 2026

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने रायपुर एयरपोर्ट के आसपास स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने एयरपोर्ट की 10 किलोमीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का कचरा डंप नहीं करने के निर्देश दिए हैं।

सीईओ ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट के आसपास कचरा डंप किए जाने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ विमान परिचालन की सुरक्षा के लिए भी समस्या उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में संबंधित क्षेत्र में कचरा डंपिंग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि निर्धारित क्षेत्र में कचरा डंप किए जाने की स्थिति में संबंधित ग्राम पंचायत के जिम्मेदार सचिव एवं सरपंच के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को एयरपोर्ट की 10 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्राम पंचायतों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने और कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में कचरा डंपिंग की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest