जिला पंचायत सीईओ ने टेमरी, बनारसी और माना बस्ती में विकास कार्यों का किया निरीक्षण
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 07 सितंबर 2026
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने सोमवार को ग्राम पंचायत टेमरी, बनारसी एवं माना बस्ती का दौरा कर विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने बालिका शौचालय, एफएसटीपी (FSTP), आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति के संबंध में जानकारी ली।

सीईओ ने सरपंच एवं सचिवों को सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कार्यों की पूर्णता में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाई जाती है, तो संबंधित जिम्मेदार सचिवों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित एवं सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा का पालन कराने पर विशेष जोर दिया।
जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर लोगों तक पहुंचे, इसके लिए सभी कार्यों को प्राथमिकता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए।



