बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध बाइक चेकिंग में पकड़ी, तिल्दा-नेवरा से चोरी का निकला वाहन
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर | 07 सितंबर 2026
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराधों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत यातायात थाना पचपेड़ी नाका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संतोषी नगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई, जिसके बाद वाहन के चोरी का होने का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, 07 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे यातायात थाना पचपेड़ी नाका प्रभारी गोविंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम संतोषी नगर क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को रोककर चालक से वाहन के पंजीयन संबंधी दस्तावेज (RC) प्रस्तुत करने को कहा गया।
पुलिस के अनुसार, चालक दस्तावेज लेकर आने की बात कहकर मौके से चला गया। उसके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए यातायात पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के आधार पर वाहन की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल का पंजीयन क्रमांक CG 22 M 1937 है और वाहन हीरो HF डीलक्स है।
पुलिस द्वारा वाहन के मूल स्वामी से संपर्क किए जाने पर पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल 14 अगस्त 2026 को चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 375/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज है।
यातायात पुलिस ने मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर सुरक्षार्थ थाना पचपेड़ी नाका में रखवाया है। मामले में आगे की वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई के लिए थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस को सूचना दे दी गई है। वहीं, वाहन चालक की पहचान और पतासाजी की जा रही है।
यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपने वाहनों पर नियमानुसार स्पष्ट एवं मानक HSRP नंबर प्लेट लगाने की अपील की है। बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से RC, ड्राइविंग लाइसेंस और इंश्योरेंस जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ रखने अथवा उन्हें mParivahan/DigiLocker में सुरक्षित रखने की भी अपील की है।
साथ ही, सेकंड हैंड वाहन खरीदते समय चेचिस और इंजन नंबर का मूल दस्तावेजों से मिलान करने तथा किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।



