CHHATTISGARHnewsraipur

6 बकायादारों के व्यावसायिक परिसरों को नगर निगम जोन-1 ने किया सीलबंद

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर। 7/9/2026

रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग द्वारा बकाया राजस्व की वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम जोन-1 क्षेत्र में छह बकायादारों के संबंधित व्यावसायिक परिसरों को नियमानुसार सीलबंद करने की कार्रवाई की गई। इन बकायादारों पर नगर निगम की कुल 7,72,021 रुपये की राशि बकाया थी।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेशानुसार तथा अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू और उपायुक्त राजस्व अंजलि शर्मा के निर्देश पर की गई। जोन-1 जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने बकाया वसूली अभियान चलाया।

राजस्व विभाग के अनुसार, संत कबीरदास वार्ड क्रमांक 3 में नईमुद्दीन पर 1,32,776 रुपये, शकीलुद्दीन पर 1,23,627 रुपये, वकीलुद्दीन पर 1,23,627 रुपये तथा बसंत कुमार अग्रवाल पर 2,46,909 रुपये की राशि बकाया थी।

इसी तरह यतियतनलाल वार्ड क्रमांक 4 में सुधा मेट्रोलुर्जिकल पर 61,366 रुपये तथा नेताजी कन्हैया लाल बाजारी वार्ड क्रमांक 15 में जानकी बाई पर 83,716 रुपये की बकाया राशि थी।

नगर निगम के अनुसार, संबंधित बकायादारों को डिमांड बिल एवं डिमांड नोटिस जारी किए जाने के बावजूद लंबे समय से बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया था। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने नियमानुसार संबंधित परिसरों में ताला लगाकर उन्हें तत्काल सीलबंद कर दिया।

कार्रवाई के दौरान जोन-1 कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, जोन सहायक राजस्व अधिकारी मनीष मरकाम, राजस्व निरीक्षक आशीष शर्मा एवं संतोष साहू, सहायक राजस्व निरीक्षक अरविंद छेदईया एवं राहुल यादव सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

30 सितंबर तक संपत्तिकर भुगतान पर 5 प्रतिशत छूट

नगर निगम राजस्व विभाग ने रायपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी संपत्तिकरदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के संपत्तिकर का पूर्ण एवं एकमुश्त भुगतान 30 सितंबर 2026 तक करें और नियमानुसार मिलने वाली 5 प्रतिशत की छूट का अधिकाधिक लाभ उठाएं।

नगर निगम ने संपत्तिकरदाताओं से समय पर कर जमा कर शहर के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest