CHHATTISGARHnewsraipur

जो खेलेगा, वही खिलेगा… खेल प्रतिभाओं को तराशने और आगे बढ़ाने प्रतिबद्ध है सरकार : अरुण साव

📡36garhnewsupdate.com

बिलासपुर, 7 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के मैदान में संघर्ष करने और पसीना बहाने वाले खिलाड़ी ही सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, “जो खेलेगा, वही खिलेगा।”

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया गया है। छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर भी मिला है। राज्य सरकार ने बंद हो चुके खेल अलंकरण को पुनः प्रारंभ करने के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी पहल की है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में 29 अगस्त को राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1 करोड़ 74 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई है। वहीं अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के अंतर्गत वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से खेलों के विकास के साथ स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना को भी मजबूत किया जाएगा।

3800 अंकों के साथ बिलासपुर संभाग ओवरऑल चैंपियन

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने 3800 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर स्थित संजय तरण पुष्कर एवं छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में किया गया। समापन समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : अमर अग्रवाल

बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि जीवन बहुआयामी है। शिक्षा के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहना भी जरूरी है, जिसमें खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के विकास के लिए बनाई गई नीतियों का परिणाम है कि भारतीय खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों के लिए आवश्यक आधारभूत अधोसंरचना विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

खेल की प्रतिस्पर्धा भविष्य को बनाती है उज्ज्वल : धरमलाल कौशिक

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा है और खेल के मैदान में होने वाली प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समापन समारोह में मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा, सहायक संचालक क्रीड़ा जी.डी. गर्ग, बीईओ बिल्हा भूपेंद्र कौशिक, मोहित जायसवाल और दीपक सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest