रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू से हमला, मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर। 7/9/2026
रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटने के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और नगदी रकम बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 की रात करीब 9:45 बजे हल्दीराम होटल का सेल्समैन धरमवीर साहू खाना खाने के बाद पैदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने कमरे की ओर जा रहा था। लाभांडी जाने वाली सर्विस रोड के बस स्टॉप के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया और मोबाइल लूटने का प्रयास किया।
धरमवीर द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसका हाथ पकड़कर नुकीली वस्तु से बांये हाथ की भुजा, पेट और पीठ पर वार कर घायल कर दिया और मोबाइल लूटकर मोटरसाइकिल से मैग्नेटो मॉल की ओर फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 375/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और राजू सबर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया और लूटे गए मोबाइल को दूजराम साहू उर्फ छोटू के पास बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने दूजराम साहू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, चाकू, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HJ 0670 और नगदी रकम बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और दूजराम साहू उर्फ छोटू पूर्व में भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा (19), निवासी विशाल नाला के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर।
राजू सबर (25), निवासी हीरा नगर, हनुमान मंदिर के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर।
दूजराम साहू उर्फ छोटू (26), निवासी हीरा नगर, विशाल नगर, थाना तेलीबांधा, रायपुर।



