अंदरूनी गांवों में कलेक्टर का सघन दौरा, बच्चों से संवाद कर परखी शिक्षा की गुणवत्ता
📡36garhnewsupdate.com


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 सितंबर 2026
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बिलाईगढ़ विकासखंड के अंदरूनी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा कर स्कूलों, कन्या आश्रम, निर्माणाधीन कार्यों और ग्रामीण विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक समझ परखी और संबंधित अधिकारियों को शिक्षा, अधोसंरचना तथा ग्रामीण सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शासकीय हाई स्कूल पिरदा का निरीक्षण किया। कक्षा 10वीं में नौ विद्यार्थी उपस्थित मिले। उन्होंने स्कूल भवन एवं परिसर में स्थित जर्जर भवनों का निरीक्षण किया। प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूल के जर्जर भवनों के संबंध में अधिकारियों को डिस्मेंटलिंग एवं नवीन भवन निर्माण के लिए आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पिरदा को धरती आबा जनजातीय ग्राम के रूप में शामिल किए जाने की जानकारी के बीच कलेक्टर ने स्कूल परिसर में निर्माणाधीन स्मार्ट क्लास रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कन्या आश्रम में छात्राओं की सुविधाओं का लिया जायजा
इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम पिरदा का निरीक्षण किया, जहां 34 छात्राएं निवासरत मिलीं। उन्होंने आश्रम भवन, रसोईघर और निर्माणाधीन शौचालय भवन का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जर्जर शौचालय भवन को डिस्मेंटल कर नया शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने रसोईघर में भोजन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए प्रतिदिन छात्राओं के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
अंग्रेजी पाठ और पहाड़े पूछकर परखी बच्चों की शैक्षणिक समझ
शासकीय हाई स्कूल बोड़ा में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर संवाद किया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलिहा में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर लिखे अंग्रेजी शब्द पढ़वाए। उन्होंने विद्यार्थियों से उपसर्ग एवं प्रत्यय लिखने को कहा और उनकी शैक्षणिक समझ का परीक्षण किया।
स्कूल में लकड़ी से भोजन पकाए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने एलपीजी गैस के माध्यम से भोजन पकाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में विकसित किचन गार्डन का भी निरीक्षण किया।
बोड़ा में कलेक्टर ने बच्चों से पहाड़े पूछे और पुस्तक वाचन कराया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ पुस्तक पढ़कर सुनाई। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने और शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
स्कूल परिसर के समीप स्मार्ट क्लास रूम के लिए प्रस्तावित नवीन भवन का भूमि पूजन भी कलेक्टर की उपस्थिति में किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए तीन माह के भीतर भवन तैयार करने के निर्देश दिए।

छुईहा में 900 एकड़ कृषि भूमि के लिए सिंचाई व्यवस्था का निरीक्षण
ग्राम पंचायत छुईहा में कलेक्टर ने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत निर्मित वाटर कोर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले पानी को नाली निर्माण के माध्यम से तालाब तक पहुंचाने की व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस जल संरचना के माध्यम से करीब 900 एकड़ कृषि भूमि के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। कलेक्टर ने जल संरचना के बेहतर रखरखाव और किसानों को इसका अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर दिया।
उन्होंने तालाब में महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से मछली पालन गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्रामीण महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय एवं रोजगार के अवसर विकसित किए जा सकें।
गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, स्कूलों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा आश्रमों में निवासरत विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक, डिप्टी कलेक्टर राणा, तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ योगेश्वरी बर्मन, एपीओ शशिकांत, डीएमसी नरेश चौहान, एससी ट्राइबल विभाग के संचालक बद्री प्रसाद, पीओ किशन जायसवाल, टीए लकेश्वर जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



