ऑटो में छूटा छात्रा का बैग ITMS और गोलबाजार पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बरामद
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर | 06 सितंबर 2026
रायपुर रेलवे स्टेशन से ऑटो में सवार होकर घड़ी चौक पहुंची एक छात्रा का बैग हड़बड़ी में ऑटो में ही छूट गया। बैग छूटने की सूचना मिलते ही ITMS रायपुर सेंटर और थाना गोलबाजार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रा का सामान सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा 06 सितंबर को रायपुर रेलवे स्टेशन से ऑटो क्रमांक CG-04-LW-1048 में सवार होकर घड़ी चौक पहुंची थी। वहां उतरने के बाद उसे अपना बैग ऑटो में छूट जाने की जानकारी हुई। छात्रा ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मामले की जानकारी मिलते ही ITMS सेंटर और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी माध्यमों की मदद से ऑटो की पहचान और तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई के दौरान ऑटो चालक त्रिलोचन साहू, निवासी प्रेम नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर की पहचान की गई और उनसे संपर्क स्थापित किया गया।
पुलिस टीम ने ऑटो चालक से समन्वय कर छात्रा का बैग सुरक्षित प्राप्त किया। आवश्यक सत्यापन के बाद बैग छात्रा को सकुशल सौंप दिया गया।
अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर छात्रा ने ITMS टीम, थाना गोलबाजार पुलिस और ऑटो चालक त्रिलोचन साहू के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्रा ने पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी की सराहना करते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को धन्यवाद दिया।
यह कार्रवाई तकनीक के प्रभावी उपयोग, पुलिस की तत्परता और नागरिक सहयोग का सकारात्मक उदाहरण सामने लाती है।



