CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गुलाब डड़सेना ने संभाला जिला जनसंपर्क अधिकारी का दायित्व

📡36garhnewsupdate.com

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से भेंट कर लिया मार्गदर्शन, शासन-प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को बताया प्राथमिकता

सारंगढ़, 2 सितंबर 2026।

नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में गुलाब डड़सेना ने बुधवार को जिला जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक संचालक के पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य भेंट की और जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास गतिविधियों, अभियानों तथा जिला प्रशासन की अभिनव पहलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने गुलाब डड़सेना को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं की जानकारी सहज और सरल तरीके से ग्रामीणों तथा पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं को भी प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से सामने लाने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर गुलाब डड़सेना ने कहा कि जनसंपर्क शासन और जनता के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है। उनका प्रयास रहेगा कि शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और जिला प्रशासन की गतिविधियों की जानकारी समयबद्ध, तथ्यपरक और सरल भाषा में आमजन तक पहुंचे। इसके लिए जनसंपर्क कार्यालय की टीम के साथ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले के सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।

कार्यालयीन कार्यों की ली जानकारी

कार्यभार ग्रहण करने के बाद डड़सेना ने जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कार्यालयीन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन-प्रशासन की योजनाओं, विकास कार्यों और सकारात्मक पहलों को व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने जिले के वरिष्ठ पत्रकारों एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों से भी परिचय प्राप्त किया और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

इस दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ रहे सहायक जनसंपर्क अधिकारी देवराम यादव, ई-जिला प्रबंधक गंगाधर विश्वकर्मा, सोशल मीडिया जिला प्रबंधक सोनू साहू, सहायक ग्रेड-3 अजय सिदार, प्रेमशंकर पटेल, ऑपरेटर कृष्णा यादव, फोटोग्राफर आकाश सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सारंगढ़ के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं वेब पोर्टल से जुड़े मीडिया प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

जनसंपर्क विभाग में लंबे अनुभव के साथ नई जिम्मेदारी

गुलाब डड़सेना को जनसंपर्क विभाग में लंबे समय तक कार्य करने का अनुभव है। वर्ष 2012 से 2025 तक उन्होंने कवर्धा (कबीरधाम) जिले में जनसंपर्क विभाग के विभिन्न पदों पर कार्य किया। इस दौरान उन्होंने शासन, प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया।

कबीरधाम जिले में अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने लगभग 11 कलेक्टरों के साथ कार्य किया। शासन की योजनाओं, विकास गतिविधियों और प्रशासनिक अभियानों के प्रचार-प्रसार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें जिला स्तर पर कई बार सम्मानित भी किया गया।

रायगढ़ में 11 माह में 1200 से अधिक समाचारों के संपादन में योगदान

रायगढ़ जिले में सहायक संचालक एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी के रूप में लगभग 11 माह के कार्यकाल के दौरान डड़सेना ने शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और जिला प्रशासन की गतिविधियों से संबंधित 1200 से अधिक समाचारों के संपादन एवं प्रकाशन कार्य में योगदान दिया।

इसके अलावा उन्होंने 100 से अधिक सफलता की कहानियों, लेख एवं आलेखों के लेखन-संपादन में भी भूमिका निभाई। मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए उन्होंने जनसंपर्क विभाग के दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।

अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे शासन की योजनाओं और जिला प्रशासन की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest