CHHATTISGARHnewsraipur

मंदिर परिसर में भगवान की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 27 अगस्त 2026

गुढ़ियारी पड़ाव स्थित शिव-हनुमान मंदिर परिसर में भगवान की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने के मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छैनी और हथौड़ा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को आवेदक प्रवीण लांजेवर ने गुढ़ियारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शिव-हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित हनुमान जी, शिवलिंग और साईं जी की प्रतिमाओं को अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया है। घटना से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। एडीसीपी आदित्य पाण्डेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।

जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत अग्रवाल (42), पिता रामकुमार अग्रवाल, गुढ़ियारी पड़ाव में मंदिर के पास ही रहता है और बेरोजगार है। पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि बेरोजगारी को लेकर वह भगवान के प्रति नाराजगी रखता था। इसी नाराजगी में 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे वह अपने घर से छैनी-हथौड़ा लेकर मंदिर परिसर पहुंचा और वहां स्थापित हनुमान जी, शिवलिंग एवं साईं जी की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के बाद आरोपी छैनी-हथौड़ा अपने साथ ले जाकर उसे अपने घर में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छैनी-हथौड़ा बरामद कर लिया।

मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 298 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

हेमंत अग्रवाल, पिता रामकुमार अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी मेन बाजार के पास, पड़ाव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।

बरामदगी

घटना में प्रयुक्त छैनी एवं हथौड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest