विष्णु भैया के विश्वास से मजबूत हुई महिलाओं की उड़ान, रोजगार से बढ़ा सम्मान
📡36garhnewsupdate.com

रक्षाबंधन पर टीम प्रहरी की महिला सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार
रायपुर, 27 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के अवसर पर रायपुर में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की तस्वीर सामने आई। टीम प्रहरी की महिला सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को अपना भाई मानते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और महिलाओं को जिम्मेदारी एवं रोजगार के अवसर देने के लिए आभार व्यक्त किया।
टीम प्रहरी की सदस्य कविता नायक ने कहा कि “राखी के धागे में विश्वास अपार, बहनों के साथ विष्णु भैया की सरकार” का भाव आज उनके मन से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास और सहयोग के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर भी है।

कविता नायक के मुताबिक, महिलाओं की क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपे जाने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पहले कई क्षेत्रों में महिलाओं की तुलना में पुरुषों को प्राथमिकता देने की धारणा देखने को मिलती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए अपनी क्षमता साबित कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि टीम प्रहरी की महिला सदस्य रायपुर शहर में अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर काम कर रही हैं। शहर की सड़क व्यवस्था और सुव्यवस्था बनाए रखने में भी महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
कविता नायक ने कहा कि इस काम से महिलाओं को समाज में सम्मान के साथ आर्थिक रूप से भी मजबूती मिली है। इससे वे अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में पति का सहयोग कर पा रही हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णु भैया ने हम बहनों की क्षमता पर विश्वास जताया और हमें जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया। उनका यह विश्वास हमारे लिए प्रेरणा है। हम सभी बहनें विष्णु भैया का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त करती हैं।”



