CHHATTISGARHnewsraipur

खेलो इंडिया संवाद में युवाओं ने रखे खेल, नशामुक्ति और युवा सशक्तीकरण से जुड़े सुझाव

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 27 अगस्त 2026

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), रायपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस देशव्यापी कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने वर्चुअली संबोधित किया। देशभर में करीब 1600 स्थानों से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण में देश की खेलशक्ति और युवाशक्ति को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि खेल में खिलना केवल मैदान पर जीत हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, परिवार और देश का गौरव बढ़ाना भी है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में 21वीं सदी का आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। देश में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटीज, आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों और प्रतिभा पहचान की ऐसी व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को प्रतिभा की पहचान से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में हर स्तर पर सहयोग मिल सके। उन्होंने स्पोर्ट्स साइंस, प्रशिक्षण, कोचिंग और अनुभव साझा करने के लिए अन्य देशों के साथ सहयोग बढ़ाने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ केवल खेलों पर चर्चा का मंच नहीं, बल्कि ऐसा माध्यम है, जहां युवाओं के विचार और सुझाव देश के खेल विजन को नई दिशा दे सकते हैं। युवा संवाद के माध्यम से युवाओं की सोच, महत्वाकांक्षाओं और सुझावों को नीतियों के निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की ताकत

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर सफलता के पीछे कठोर परिश्रम होता है। बुराइयों को त्यागकर अपनी कमियों और खामियों को दूर करते हुए निरंतर मेहनत करने से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली छोटी असफलताओं से निराश या हताश होने की जरूरत नहीं है। युवाओं को नशे की ओर जाने के बजाय आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को कमजोर करता है और इससे किसी को कोई लाभ नहीं हो सकता। युवाओं की क्षमता और सामर्थ्य के बल पर ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

तिलक वर्मा ने बताया खेलों का महत्व

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से जूझना, दबाव का सामना करना, कौशल विकसित करना, टीम भावना और मानसिक स्थिरता बनाए रखना सिखाता है। खेल स्वास्थ्य, फिटनेस और पोषण के प्रति भी जागरूकता बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने देश के लाखों युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।

यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने कहा कि युवाओं को केवल सुझाव और पहल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी पहलों की जिम्मेदारी भी स्वयं लेनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से ओनरशिप की भावना के साथ काम करने और नेतृत्व, शासन-प्रशासन तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं सशक्त भूमिका निभाने का आह्वान किया।

2036 ओलंपिक और युवा नेतृत्व पर हुआ संवाद

‘खेलो इंडिया संवाद’ के तहत आयोजित युवा संवाद में NIT के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने देश में खेल अधोसंरचना के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार, खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव रखे।

कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर NIT के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित NIT के प्राध्यापकगण और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest