CHHATTISGARHnewsraipur

राखी से पहले महतारी वंदन की 31वीं किस्त, निशा ने शुरू किया फैंसी स्टोर

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 26 अगस्त 2026

रक्षाबंधन से पहले राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त हितग्राही महिलाओं के खातों में जारी की है। योजना के तहत मिलने वाली राशि ने कई महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।

रायपुर जिले के ग्राम पल्लौद की निशा जांगड़े भी ऐसी ही हितग्राही हैं। पहले वे मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाती थीं। अनियमित काम और सीमित आमदनी के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1,000 रुपये की राशि को उन्होंने बचत के रूप में इस्तेमाल किया और घर से ही छोटा फैंसी स्टोर शुरू किया। धीरे-धीरे दुकान का कारोबार बढ़ा और अब निशा अपनी आय का जरिया खुद तैयार कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

निशा जांगड़े ने बताया कि मजदूरी से घर चलाना मुश्किल था। योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग कर उन्होंने घर में फैंसी स्टोर शुरू किया, जिससे उन्हें आर्थिक सहारा मिला। उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके आर्थिक सशक्तीकरण में सहयोग देना है। निशा की कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता का उपयोग छोटे स्वरोजगार के लिए कर महिलाएं अपनी आय का स्थायी साधन भी विकसित कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest