CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

27 अगस्त को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम

📡36garhnewsupdate.com

युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित रहेगा आयोजन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 अगस्त 2026

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना तथा खेल विकास, युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करना है।

इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शासकीय राजमहंत नयनदास महिलांग महाविद्यालय, भटगांव और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश में खेल क्षेत्र में हुए बदलावों और विकास से अवगत कराया जाएगा। साथ ही खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं भी सुनी जाएंगी।

कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में अतिथियों और युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित होगा।

युवा संवाद के दौरान माय भारत वालंटियर्स और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र होगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव और विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद करीब 15 मिनट का युवा संवाद होगा, जिसमें प्रतिभागी अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे।

चार प्रमुख विषयों पर होगा संवाद

युवा संवाद में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग और अवसर उपलब्ध कराने पर चर्चा होगी। इसके साथ ही 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने, वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा पहचान और खिलाड़ी विकास, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।

युवाओं को भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रतिभागियों से उनके सुझाव और विचार क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। इसके अलावा युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही ‘विकसित भारत यंग लीडर्स क्विज’ में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार ‘खेलो इंडिया संवाद’ युवाओं को खेल, नेतृत्व, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest