CHHATTISGARHnewsraipur

केटीयू के शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विद्यार्थी, कुलपति ने निष्पक्ष पत्रकारिता पर दिया जोर

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 26 अगस्त 2026

शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो, टीवी स्टूडियो, कंप्यूटर लैब, निर्माणाधीन आई एवं मीडिया शोध लैब तथा पुस्तकालय का अवलोकन किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. मनोज दयाल से विद्यार्थी-कुलपति संवाद में भाग लिया। कुलपति ने पत्रकारिता एवं जनसंचार के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्हें नियमित रूप से समाचार पत्र, पत्रिकाओं, रेडियो, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया का तुलनात्मक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. दयाल ने कहा कि विद्यार्थियों को शोध के साथ-साथ प्रत्यक्ष अवलोकन की आदत विकसित करनी चाहिए और विभिन्न माध्यमों में प्रकाशित एवं प्रसारित सामग्री का तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक एवं प्रेरणादायक लेखन को प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रचनात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील शर्मा, सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से भी संवाद किया। अकादमिक भवन में जनसंचार, पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और अपने अनुभव साझा किए।

विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न सृजनात्मक क्लबों, शोध पीठों एवं समूहों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि महाविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने कम्युनिटी रेडियो संवाद 98.2 में अपना संदेश रिकॉर्ड किया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पत्रकारिता की व्यावहारिक कार्यप्रणाली, मीडिया संस्थानों की संरचना और विभिन्न संचार माध्यमों के कामकाज को करीब से समझने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest