छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, छह टीमें लेंगी हिस्सा
📡36garhnewsupdate.com


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का किया अनावरण; 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर में होंगे मुकाबले
रायपुर, 25 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाई देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रस्तावित यह लीग देश में किसी राज्य द्वारा आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी।
लीग के मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेले जाने की संभावना है। इसका आयोजन हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर स्थित नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिल सके।
छह टीमें मैदान में उतरेंगी
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
सभी टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जिसके बाद फाइनल मुकाबले में लीग के विजेता का फैसला होगा।
चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी टैगलाइन
लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। लोगो में आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।
लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है, जो छत्तीसगढ़ी बोली में अपनत्व और खेल के लिए आमंत्रण का संदेश देती है।
‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ नामक बाघ है। इसे प्रदेश के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक बताया गया है। शुभंकर साहस, शक्ति और निडरता के साथ खिलाड़ियों की जुझारू भावना को प्रदर्शित करता है।
लीग के सभी मुकाबलों में हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त अंपायर और तकनीकी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे प्रतियोगिता में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों को हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लीग के माध्यम से राज्य के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।



