CHHATTISGARHnewsraipur

कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 25 अगस्त 2026

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर संबंधित विभाग के विरुद्ध कार्रवाई और जुर्माने का प्रावधान लागू किया जाएगा।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने आरबीसी 6(4) के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अविवादित खाता विभाजन और नामांतरण से जुड़े लंबित मामलों में भी तेजी से कार्रवाई करने को कहा।

पौधों को कांक्रीट और जाली के घेराव से मुक्त करने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रोजेक्ट पुनर्जीवन की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी टीम गठित करे और अपने कार्यालय एवं आसपास लगे पौधों का निरीक्षण कर उनके आसपास किए गए कांक्रीट अथवा जालीदार घेराव को हटाने की कार्रवाई करे, ताकि पौधों को पर्याप्त स्थान और बेहतर वातावरण मिल सके।

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे, बकेटिंग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फार्मर आईडी सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीएफओ पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest