IIT भिलाई में ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों से मांगे नवाचारी समाधान
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 25 अगस्त 2026
रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से आयोजित ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के प्रचार-प्रसार और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए IIT भिलाई में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में IIT भिलाई के डायरेक्टर डॉ. राजीव प्रकाश, डीन संतोष विश्वास, चीफ टेक्निकल ऑफिसर अविजित महतो सहित विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों के छात्र-छात्राएं और प्रतिनिधि शामिल हुए। एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू ने विद्यार्थियों को हैकाथॉन की अवधारणा, विषय-वस्तु, सहभागिता और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी।

छह विषयों पर प्रस्तुत किए जा सकेंगे आइडिया
हैकाथॉन की थीम “Our City | Our Roads | Our Ideas” रखी गई है। प्रतिभागी ट्रैफिक इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन, पार्किंग प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन एकीकरण, पैदल एवं साइकिल ट्रैक तथा AI/IoT आधारित ट्रैफिक प्रबंधन जैसे विषयों पर अपने समाधान प्रस्तुत कर सकेंगे।
यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों, इंजीनियरों, अर्बन प्लानर्स, स्टार्टअप्स, एनजीओ और नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की वास्तविक यातायात समस्याओं के ऐसे तकनीकी एवं व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करें, जिन्हें भविष्य में लागू किया जा सके।
17 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन और आइडिया सबमिशन
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के लिए 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन एवं आइडिया सबमिशन किया जा सकता है। प्रतिभागी व्यक्तिगत या टीम के रूप में शामिल हो सकते हैं। उत्कृष्ट एवं प्रभावी समाधान प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान IIT भिलाई और अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिग्नल, AI आधारित ट्रैफिक विश्लेषण, पार्किंग प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन जैसे विषयों में उत्साह दिखाया।
यातायात पुलिस का उद्देश्य तकनीकी संस्थानों, युवाओं, विशेषज्ञों और नागरिकों को एक मंच पर लाकर रायपुर की यातायात व्यवस्था के लिए नए, स्मार्ट और स्थायी समाधान विकसित करना है।



