CHHATTISGARHnewsraipur

मंदिर हसौद क्षेत्र में लावारिस मिला नवजात, डायल-112 टीम ने पहुंचाया अस्पताल

रायपुर, 24 अगस्त 2026

मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह लावारिस अवस्था में मिले करीब 10 दिन के नवजात शिशु को डायल-112 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), मंदिर हसौद पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:37 बजे डायल-112 टीम को सूचना मिली कि मोनेट रोड स्थित चिरकुतहीन माता मंदिर के पास एक नवजात शिशु लावारिस अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां करीब 10 दिन का नवजात मिला, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा छोड़कर चले जाने की आशंका है।

पुलिस टीम ने नवजात को तत्काल सुरक्षित अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मंदिर हसौद पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच के बाद बच्चे को अस्पताल के शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी आवश्यक देखभाल की जा रही है।

इस मानवीय पहल में मंदिर हसौद टाइगर वन के पुलिसकर्मी आर. राजेश यादव एवं चालक टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने नवजात को मौके पर छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के साथ ही नवजात की सुरक्षा एवं उचित देखभाल के लिए संबंधित विभाग को भी सूचना दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest