रायपुर में ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के तहत महाभियान तेज, 2302 स्थानों से ट्री गार्ड और 571 स्थानों से कांक्रीट पेवर हटाए गए
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 24/08/2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश एवं कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से संचालित ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों में महाभियान तेज गति से जारी है।
अभियान के तहत ऐसे पौधों और पेड़ों को चिन्हित किया जा रहा है, जो ट्री गार्ड, कांक्रीट के घेरे और पेवर से घिरे होने के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे। चिन्हित स्थानों पर अब तक लगभग 2302 ट्री गार्ड तथा 571 स्थानों पर कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाने का कार्य किया जा चुका है।

इन संरचनाओं को हटाने से पेड़ों और पौधों को मिट्टी, पानी तथा जड़ों के प्राकृतिक विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण मिल रहा है। नगर निगम के सभी 10 जोनों में अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है और शेष चिन्हित स्थानों पर भी कार्य जारी है।
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारियों के साथ राजधानी के ऑक्सीजोन गार्डन समेत विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से कार्य की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त उद्यान विनोद पाण्डेय, उपायुक्त उद्यान जागृति साहू, संबंधित जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, नगर निगम के अन्य अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने राजधानी के नागरिकों से भी अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने आसपास के ऐसे पौधों को पानी, खाद एवं आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराकर उनके संरक्षण में योगदान दें। पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय सहभागिता करने वाले नागरिकों को जिला प्रशासन द्वारा ‘पर्यावरण मित्र’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा सभी 10 जोनों में चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ का महाभियान लगातार जारी है।



