CHHATTISGARHnewsraipur

रायपुर में वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 9 दोपहिया वाहन बरामद

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 23 अगस्त 2026

रायपुर में अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें ओडिशा में बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 9 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इनमें 7 एक्टिवा, एक स्प्लेंडर और एक बजाज मोटरसाइकिल शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में की गई। वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी।

मामले का खुलासा 20 अगस्त को हुआ, जब पुलिस को सूचना मिली कि मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान में एक व्यक्ति बिना दस्तावेज के एक्टिवा बेचने पहुंचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू को पकड़ा। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने रायपुर के कोतवाली, आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर, सिविल लाइन, तेलीबांधा और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों से 9 दोपहिया वाहन चोरी करने और उन्हें ओडिशा में अपने साथियों के जरिए बेचने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा के भालूमुंडा पहुंची, जहां सूजल मेहेर उर्फ करण और एक नाबालिग लड़के को पकड़ा गया। तीनों की निशानदेही पर चोरी की 9 गाड़ियां बरामद की गईं।

पुलिस के मुताबिक, चोरी की पहचान छिपाने के लिए कुछ वाहनों में ओडिशा की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी टोपेश्वर साहू वर्ष 2023 में रायपुर के अलग-अलग इलाकों से 10 दोपहिया वाहन चोरी करने के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों की मुलाकात रायपुर के एक होटल में काम करने के दौरान हुई थी। बाद में उन्होंने होटल का काम छोड़कर वाहन चोरी और उनकी बिक्री का काम शुरू कर दिया।

बरामद 9 वाहनों में से 6 वाहनों के संबंध में रायपुर के विभिन्न थानों में पहले से अपराध दर्ज हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest