CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

रामनामी समुदाय के गांव पहुंचीं कलेक्टर, ग्रामीणों से सुनी समस्याएं

📡36garhnewsupdate.com

नाले पर पुलिया निर्माण की मांग, बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने पर हुई चर्चा

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 अगस्त 2026।

बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम चदलीडीह में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने गांव में संचालित गतिविधियों, मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनीं।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने गांव में रहने वाले रामनामी समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। समुदाय के सदस्यों ने अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ गांव की आवागमन संबंधी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया।

रामनामी समुदाय के लोगों ने बताया कि उनकी परंपरा और संस्कृति को जानने के लिए देश-विदेश से पर्यटक एवं अन्य लोग चदलीडीह पहुंचते हैं। ऐसे में गांव तक बेहतर आवागमन सुविधा जरूरी है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के नाले पर पुलिया नहीं होने के कारण आवागमन में परेशानी होती है, खासकर बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। उन्होंने नाले पर पुलिया निर्माण की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने मांगों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने भी ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की जरूरतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने सड़क, आवागमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को मौके पर प्राप्त समस्याओं और मांगों को प्राथमिकता के साथ देखते हुए जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest