CHHATTISGARHnewsraipur

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

📡36garhnewsupdate.com

36 घंटे में रायपुर पुलिस ने किया पेपर लीक कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी प्रोफेसर ने लिफाफे में छेद कर मोबाइल से रिकॉर्ड किया था प्रश्नपत्र

रायपुर, 22 अगस्त 2026

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में रायपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले का मास्टरमाइंड दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया है। पुलिस टीम ने 36 घंटे की लगातार कार्रवाई के बाद पेपर लीक के स्रोत और पूरी श्रृंखला का पता लगाया।

मामले में पुलिस ने 11 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल सहित अन्य सामग्री जब्त की है। प्रकरण में दो अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है।

परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था प्रश्नपत्र

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विश्वविद्यालय से संबद्ध 28 कृषि महाविद्यालयों में एजीसीएच-221 कीटशास्त्र विषय की परीक्षा निर्धारित थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही सुबह करीब 8:41 बजे कवर्धा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के ई-मेल पर प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को भी ई-मेल के माध्यम से जानकारी मिली।

छात्रों और छात्र प्रतिनिधियों ने भी व्हाट्सऐप के माध्यम से प्रश्नपत्र के कुछ प्रश्नों के कंटेंट वायरल होने की जानकारी विश्वविद्यालय को दी। जांच में प्रश्नपत्र सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित होने की पुष्टि हुई।

100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस सहित 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई। कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के जिलों में अलग-अलग टीमें भेजकर संदिग्धों की तलाश की गई।

साइबर टीम ने वायरल प्रश्नपत्र, स्क्रीनशॉट, फोटो, मैसेज और सोशल मीडिया पोस्ट का तकनीकी विश्लेषण किया। प्रश्नपत्र सबसे पहले किस अकाउंट, मोबाइल नंबर या डिजिटल माध्यम से प्रसारित हुआ, इसकी टाइमलाइन तैयार कर पूरी प्रसारण श्रृंखला की जांच की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को दुर्ग निवासी अनुज मिंज के संबंध में जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पेपर लीक की पूरी श्रृंखला का खुलासा हुआ।

ऐसे किया गया प्रश्नपत्र लीक

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया वर्ष 2019 से भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। पिछले करीब एक वर्ष से वह अपने कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त कर उन्हें कॉलेज तक पहुंचाने का काम कर रहा था।

17 अगस्त को वह उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने के लिए जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय, रायपुर पहुंचा था। यहां से आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त करने के बाद उसने सभी प्रश्नपत्र कॉलेज में रख दिए। हालांकि, 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र वह अपने घर ले गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर पर प्रश्नपत्र के लिफाफे में सुई और नुकीले उपकरण से छोटा छेद किया और मोबाइल कैमरा अंदर डालकर प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री की नकल तैयार कर उसने अपने कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अजय नायक और दो अन्य छात्रों को 11 हजार रुपये में बेच दिया।

इसके बाद अजय नायक ने प्रश्नपत्र त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू को उपलब्ध कराया। इस तरह प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही कई छात्रों तक पहुंच गया।

छह आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में योगेश सोनकेसरिया, अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 के तहत छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5 एवं 10 तथा धारा 316 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest