CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

कुपोषित बच्चों की निगरानी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर

📡36garhnewsupdate.com

योजनाओं की समीक्षा कर प्रत्येक सेक्टर में बाल संदर्भ शिविर लगाने और गंभीर कुपोषित बच्चों के कार्ड बनाने के निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अगस्त 2026

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कुपोषण मुक्ति अभियान, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, बाल संदर्भ शिविर तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की स्थिति की जानकारी ली गई।

कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी के निर्देश

कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों के संबंध में अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की पहचान के बाद उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। कुपोषित बच्चों को बेहतर पोषण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सभी परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र बच्चों को बाल संदर्भ शिविरों में शामिल कराया जाए तथा गंभीर कुपोषित बच्चों के कार्ड तैयार किए जाएं। जिले के प्रत्येक सेक्टर में बाल संदर्भ शिविर आयोजित कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति का नियमित आकलन करने के भी निर्देश दिए गए।

­

अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की प्रगति की समीक्षा

बैठक में अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की प्रगति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बताया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला वर्तमान में प्रदेश में 8वें स्थान पर है। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जिले की स्थिति में और सुधार लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मैदानी स्तर पर निगरानी और विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी है। योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति पर जताई नाराजगी

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थिति में सुधार लाने तथा योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए जहां कमियां सामने आ रही हैं, वहां तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, राणा विजय, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उत्तम साहू सहित जिले के सभी परियोजना अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest