साइबर जागृति अभियान में करीब 1000 विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा का पाठ, ऑनलाइन व्यवहार को लेकर किया जागरूक
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर। 21/08/2026
रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में “साइबर जागृति अभियान” एवं “संवाद से समाधान” के तहत विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब 1000 विद्यार्थियों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

अभियान के तहत संत कंवर राम स्कूल, थाना सिविल लाइन, स्वामी आत्मानंद स्कूल त्रिमूर्ति नगर, थाना देवेंद्र नगर, डागा गर्ल्स कॉलेज, थाना मौदहापारा तथा संत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय गांधी मैदान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांधी मैदान स्थित महाविद्यालय में थाना कोतवाली, गोलबाजार एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को केवल साइबर फ्रॉड से बचाव ही नहीं, बल्कि Digital Footprint, Cyber Hygiene और Online Decision Making के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि इंटरनेट पर वे क्या देखते हैं, क्या साझा करते हैं और किस ऑनलाइन स्रोत पर भरोसा करते हैं, इसका सीधा प्रभाव उनकी डिजिटल सुरक्षा पर पड़ सकता है।

अनजान APK और लिंक से रहें सावधान
साइबर जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनजान APK फाइल को फोटो, इनविटेशन, सरकारी योजना अथवा फेस्टिवल ऑफर के नाम पर इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी Unknown Link पर क्लिक करने से पहले उसके स्रोत की पुष्टि करने और संदिग्ध गतिविधि होने पर सतर्क रहने के लिए कहा गया।
विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN और Password किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी में फर्जी अधिकारियों और डराने वाले वीडियो कॉल से सावधान रहने तथा बच्चों के लिए Parental Controls और Apps की Age Rating का ध्यान रखने की जानकारी दी गई।

इसके अलावा WhatsApp Privacy, Two-Step Verification और Linked Devices की समय-समय पर जांच करने तथा सोशल मीडिया पर अनावश्यक व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं करने की सलाह दी गई।
साइबर सुरक्षा के उपयोगी माध्यमों की दी जानकारी
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को TAFCOP, VirusTotal, National Cyber Crime Reporting Portal और हेल्पलाइन नंबर 1930 जैसी साइबर सुरक्षा सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि साइबर अपराध का शिकार होने या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल संबंधित माध्यमों से शिकायत करें।

पुलिस ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि ऑनलाइन रहें, लेकिन बिना जांचे किसी पर भरोसा न करें। किसी भी लिंक, फाइल या ऑनलाइन प्रस्ताव पर कार्रवाई करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना ही डिजिटल सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।
“Click से पहले Check” — यही एक Smart Digital Citizen की पहचान है।



